इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर की कटौती की है। नई दरें 16 मई से लागू हो गई हैं। राहत के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल 409.78 रुपए प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 409.58 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। दिलचस्प बात यह है कि भारत में एक दिन पहले ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
पाकिस्तान में मिली थोड़ी राहत
पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बाद अब सरकार ने थोड़ी राहत दी है। इसका सीधा फायदा मोटरसाइकिल, ऑटो-रिक्शा और छोटी गाड़ियों का इस्तेमाल करने वाले मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग को मिलने की उम्मीद है।पाकिस्तान सरकार फिलहाल हर शुक्रवार रात पेट्रोलियम कीमतों की समीक्षा कर रही है।
युद्ध के बाद बढ़ा था ईंधन संकट
28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजराइल और ईरान तनाव के बाद पाकिस्तान में ईंधन संकट और महंगाई तेजी से बढ़ी थी। सरकार ने 6 मार्च को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 55 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी। वहीं 2 अप्रैल को भी पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल के दामों में बड़ी वृद्धि की गई थी। पिछले सप्ताह ही पाकिस्तान में पेट्रोल 14.92 रुपए और डीजल 15 रुपए प्रति लीटर महंगा किया गया था।
भारत में भी बढ़े ईंधन के दाम
भारत में 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं CNG की कीमतों में भी 2 रुपए प्रति किलो तक बढ़ोतरी हुई है।
क्यों बढ़ रही हैं तेल की कीमतें?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसका मुख्य कारण मानी जा रही है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने से पहले कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी है। क्रूड ऑयल महंगा होने से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और इसी वजह से कई देशों में ईंधन की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है।