हेग। चार यूरोपीय देशों के दौरे पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यात्रा के पहले चरण में देर रात नीदरलैंड पहुंचे। हेग और एम्सटर्डम में भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों से संवाद करते हुए कहा कि यहां का माहौल देखकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वे भारत में ही किसी उत्सव में शामिल हों।
भारतीय समुदाय से मिले पीएम मोदी
नीदरलैंड के हेग में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर उन्होंने भारतीय संस्कृति से जुड़े कलाकारों के प्रदर्शन को देखा और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
पीएम मोदी ने कहा,
“इतना प्यार और उत्साह देखकर मैं एक पल के लिए भूल गया कि मैं नीदरलैंड में हूं। ऐसा लग रहा है जैसे मैं भारत में किसी उत्सव का हिस्सा हूं।”
‘हेग भारतीय मित्रता का प्रतीक बन गया’
प्रधानमंत्री ने कहा कि हेग अब भारतीय मित्रता का जीवंत प्रतीक बन गया है। उन्होंने नीदरलैंड सरकार और वहां की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय यहां की अर्थव्यवस्था और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह नीदरलैंड सरकार से बातचीत करते हैं, वहां भारतीय समुदाय की खूब प्रशंसा की जाती है।
भारतीय संस्कृति की तारीफ
पीएम मोदी ने कहा कि समय के साथ कई देशों की संस्कृतियां बदल गईं या समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की संस्कृति आज भी जीवंत और मजबूत बनी हुई है। उन्होंने भारतीय समुदाय से कहा कि पासपोर्ट का रंग, पता और समय क्षेत्र बदल सकता है, लेकिन भारतीयता कभी नहीं बदलती।
‘आप पर हर भारतवासी को गर्व’
प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि नीदरलैंड में भारतीय जिस तरह अपनी पहचान और मेहनत से योगदान दे रहे हैं, उस पर पूरे देश को गर्व है।
उन्होंने कहा,
“आप यहां की अर्थव्यवस्था और समाज को मजबूत बना रहे हैं। हर भारतवासी को आप पर गर्व है।”
2014 के जनादेश का भी किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव परिणामों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 16 मई भारत के लिए एक खास दिन है, क्योंकि इसी दिन देश में एक मजबूत सरकार का गठन हुआ था, जिसने विकास की नई दिशा दी।