प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के साथ संयुक्त प्रेस बयान में उन्हें अपनी "छोटी बहन" बताते हुए भारत में उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह ताकाइची की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है और जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री का भारत आगमन दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक अवसर है।
भारत में 1000 बायोगैस और ऑर्गेनिक खाद प्लांट लगाने का ऐलान
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और जापान ने आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक साझा रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स और सप्लाई चेन जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। साथ ही, इंडिया-जापान बायोगैस इनिशिएटिव के अंतर्गत देशभर में 1000 बायोगैस और ऑर्गेनिक खाद संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे गोबरधन योजना को गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
रक्षा, ऊर्जा, AI में भारत-जापान के बीच हुए बड़े समझौते
दोनों देशों के नेताओं ने बैटरी निर्माण, ग्रीन हाइड्रोजन, परमाणु ऊर्जा, निवेश, रक्षा, स्टार्टअप, अनुसंधान और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को और विस्तार देने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2027 में भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होंगे और इस अवसर को दोनों देश विशेष रूप से मनाएंगे।