रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी राजधानी दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे। इस दौरान वे पिंक लाइन के 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क–मौजपुर कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन के 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक–मजलिस पार्क कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इन नए कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली के कई आवासीय और व्यापारिक इलाके सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।
मेट्रो के इस विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वे दिल्ली के विकास से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर अपनी बात रखेंगे। माना जा रहा है कि मेट्रो के नए रूट शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को समय की बचत होगी और आवागमन ज्यादा सुविधाजनक बनेगा।
तीन नए मेट्रो कॉरिडोर की रखेंगे आधारशिला
मेट्रो विस्तार को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री फेज V-A के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। लगभग 16.1 किलोमीटर लंबे इन प्रोजेक्ट्स में रामकृष्ण आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी–आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं। इन रूट्स के बनने से सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली और Noida के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी।
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस बड़े बदलाव को ध्यान में रखते हुए Delhi Metro Rail Corporation ने 8 मार्च से मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। अब फेज-3 के कॉरिडोर पर ट्रेन सेवाएं सुबह 7 बजे की बजाय 6 बजे से शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।
सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवास
इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ प्रधानमंत्री दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों के लिए 15,200 करोड़ रुपये के हाउसिंग प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन (GPRA) योजना के तहत सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसी पुरानी कॉलोनियों का व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है।
इस परियोजना के तहत 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट तैयार किए गए हैं और करीब 48 लाख वर्ग फीट ऑफिस स्पेस भी विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर पहुंचकर टाइप-5 क्वार्टर्स का निरीक्षण करेंगे और महिला आवंटियों को अपने हाथों से घरों की चाबियां सौंपेंगे।
राजधानी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री का यह दौरा दिल्ली के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा और प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलने की उम्मीद है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं सरकारी कॉलोनियों के पुनर्विकास से राजधानी का शहरी ढांचा और आधुनिक बनेगा। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे नए समय और रूट के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
Comments (0)