प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे का आज दूसरा दिन है। राजधानी जकार्ता में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए गले लगाया। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां उन्होंने विजिटर गेस्ट बुक में हस्ताक्षर किए। इसके पश्चात दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें भारत और इंडोनेशिया के बीच सहयोग के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
प्रम्बानन मंदिर का करेंगे दौरा
द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर का दौरा करेंगे। यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है, जिसका निर्माण 9वीं शताब्दी में हुआ था। भगवान शिव, भगवान विष्णु और भगवान ब्रह्मा को समर्पित यह मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है और दक्षिण-पूर्व एशिया की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहरों में गिना जाता है।
उद्योग जगत और भारतीय समुदाय से करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान इंडोनेशिया के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ राउंडटेबल बैठक में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वह जकार्ता में रह रहे भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से दोनों देशों के आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।