नागौर- केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख को दोहराते हुए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है राजस्थान के नागौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि “न्यू इंडिया” अब आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और देश को उकसाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भारत अब पुराने दौर वाला देश नहीं रहा
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब पुराने दौर वाला देश नहीं रहा। उन्होंने कहा कि अगर कोई भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देने की कोशिश करेगा, तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा नीति पहले से ज्यादा मजबूत और आक्रामक हुई है। भारत अब आतंकवाद के खिलाफ केवल बयान नहीं देता, बल्कि जरूरत पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई भी करता है।
देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। रक्षा मंत्री के बयान को पड़ोसी देश पाकिस्तान के लिए सीधे संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हाल के वर्षों में भारत ने आतंकवाद और सीमा पार गतिविधियों को लेकर अपनी नीति में बड़ा बदलाव किया है। सरकार लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने रक्षा मंत्री के बयान पर जोरदार समर्थन जताया। सोशल मीडिया पर भी उनका यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है। राजनाथ सिंह के बयान ने साफ कर दिया है कि भारत अब आतंकवाद और उकसावे की राजनीति के खिलाफ सख्त और आक्रामक रणनीति अपनाने के मूड में है।