देशभर में मॉनसून सक्रिय रहने के कारण कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने रक्षाबंधन के दिन दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
रक्षाबंधन पर दिल्ली में होगी बारिश
राजधानी दिल्ली में रक्षाबंधन के दिन आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, 29 अगस्त से 2 सितंबर के बीच दिल्ली में बारिश की संभावना कम है।
यूपी में पूर्वांचल और बुंदेलखंड में बौछारें
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद रक्षाबंधन पर मौसम कुछ राहत दे सकता है। प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन पूर्वी यूपी और बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी की तुलना में पूर्वांचल में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने की संभावना है।
बिहार में 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बिहार में रक्षाबंधन के दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। राज्य के 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि बाकी 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
झारखंड में तेज बारिश के साथ आंधी
झारखंड के कई जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ स्थानों पर 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खुले इलाकों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान, MP और छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट
राजस्थान के झुंझुनू, टोंक, बारां, बूंदी, दौसा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, अलवर, झालावाड़, जैसलमेर, करौली, उदयपुर, सवाई माधोपुर और जयपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा में भी बारिश-आंधी का खतरा
पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। हरियाणा के 9 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम खराब रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल और ऋषिकेश समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, सोलन और मंडी में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।