भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस नेताओं पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा नागरिकता और मतदाता सूची को लेकर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह तथ्यहीन और निराधार हैं। हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी केवल वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण के एजेंडे का हिस्सा है। भाजपा किसी भी नागरिक का अधिकार छीनने के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया नई नहीं है, कांग्रेस शासनकाल में भी चुनाव आयोग यही प्रक्रिया अपनाता था, तब पार्टी ने कभी विरोध नहीं किया। लेकिन अब कांग्रेस जनता को गुमराह करने और असुरक्षा फैलाने का प्रयास कर रही है।
लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य है एसआईआर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने का हिस्सा है। चुनाव आयोग मृत, डुप्लीकेट और फर्जी नाम हटाने का कार्य निष्पक्ष तरीके से कर रहा है। प्रत्येक नागरिक को अपने नाम जोड़ने या आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में न भाजपा की कोई भूमिका है, न सरकार का कोई हस्तक्षेप। यह चुनाव आयोग का स्वतंत्र निर्णय है।