


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर रूस ने तेजी से यूक्रेन में युद्ध रोकने के लिए कदम नहीं उठाए तो उनकी ओर से कड़े फैसले लिए जाएंगे। ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के रुख से निराशा जताई है। ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने की दिशा में रूस प्रगति नहीं दिखाता है तो अमेरिका 10 से 12 दिनों के भीतर मॉस्को पर टैरिफ लगाएगा। रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी, 2022 से लड़ाई चल रही है। ट्रंप तमाम कोशिशों के बावजूद इस लड़ाई को रोकने में नाकाम दिखे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने रूस को बार-बार मौके दिए हैं लेकिन उनको मॉस्को से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। ट्रंप ने पहले 50 दिनों की समय-सीमा तय की थी। उन्होंने कहा कि रूस से कोई कार्रवाई ना होने के कारण वह समय-सीमा कम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज से 10 दिनों की एक नई समयसीमा तय कर रहा हूं।
पुतिन से नहीं करेंगे बात!
डोनाल्ड ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन के साथ आगे बातचीत नहीं करने का संकेत दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर मॉस्को उनकी शर्तों का पालन करने में विफल रहता है तो वार्ता की बजाय प्रतिबंध और टैरिफ जैसे दंडात्मक उपाय होंगे।
रूस ने दिखाया है सख्त रुख
यूक्रेन ने अगस्त से पहले जेलेंस्की और पुतिन के बीच एक बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था लेकिन मॉस्को ने प्रस्तावित समय-सीमा को अवास्तविक बताते हुए खारिज कर दिया। मॉस्को की ओर से जोर देकर कहा गया कि ऐसी बैठक केवल शांति समझौते की दिशा में अंतिम कदम के रूप में ही हो सकती है। रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में ये भी कहा है कि अगर पश्चिम वास्तव में यूक्रेन के साथ शांति चाहता है तो वह कीव को हथियारों की आपूर्ति बंद कर दे।