


भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल वापसी पर पूरे देश में खुशी का माहौल है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुभकामनाएं देते हुए इस मिशन को भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के लिए मील का पत्थर बताया।
अखिलेश यादव ने कहा - यह मिशन भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। सभी भारतीयों को ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पर गर्व है। उन्होंने कहा कि शुक्ला की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल देश का मान बढ़ाने वाली है, बल्कि यह अगली पीढ़ी के युवाओं को साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति समर्पण की प्रेरणा भी देगी।
परिवार और देशवासियों को दी बधाई
अखिलेश यादव ने अपने बयान में शुक्ला के माता-पिता, पूरे परिवार और देशवासियों को भी इस ऐतिहासिक क्षण पर बधाई दी। उन्होंने कहा - यह पल शुभांशु शुक्ला के माता-पिता और पूरे देशवासियों के लिए गर्व का है। यह साबित करता है कि भारत की युवा शक्ति अब वैश्विक मंच पर नए आयाम स्थापित कर रही है।
अंतरिक्ष में भारत की मौजूदगी पर सपा अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मिशन को भारत की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमता और वैश्विक स्पेस पार्टनरशिप की ओर एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सफलताएं न केवल भारत की तकनीकी ताकत को दुनिया के सामने लाती हैं, बल्कि यह दर्शाती हैं कि "नया भारत अब अंतरिक्ष में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।"
शुभांशु शुक्ला: देश का गर्व
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने हाल ही में अमेरिकी निजी स्पेस कंपनी एक्सिओम स्पेस के मिशन के तहत 20 दिन की अंतरिक्ष यात्रा पूरी की है, जिसमें से 18 दिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर बिताए। उनकी इस सफलता पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई दी थी।