


ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जो हाल ही में ऐतिहासिक Axiom-4 मिशन से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा कर लौटे हैं, ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
लखनऊ निवासी शुभांशु 25 अगस्त 2025 को अपनी पत्नी व परिवार के साथ शहर पहुंचे। रोड शो में भाग लेने के बाद उन्होंने अपने पूर्व स्कूल का दौरा किया, फिर मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा –
"मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर ऐतिहासिक #Axiom4 मिशन के सफलतापूर्वक संचालन एवं अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से कुशल वापसी के बाद देश के सपूत, अंतरिक्ष यात्री एवं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जी ने शिष्टाचार भेंट की।"
दिल्ली में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी की मुलाकात
अंतरिक्ष की 18 दिवसीय यात्रा पूरी कर शुभांशु भारत लौटे हैं। लखनऊ आने से पहले उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की।
लखनऊ में हुआ भव्य स्वागत, स्कूल ने किया सम्मान
शुभांशु सोमवार सुबह करीब 9 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई गणमान्य नेताओं और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे से गोमतीनगर विस्तार स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) तक रोड शो और जन उत्सव जैसा माहौल रहा।
वह अपने पुराने विद्यालय सीएमएस भी पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षा प्राप्त की थी। स्कूल की ओर से उनके सम्मान में एक "भव्य विजय परेड" का आयोजन किया गया।
लखनऊ के त्रिवेणी नगर निवासी शुभांशु शुक्ला के साथ उनके माता-पिता शंभू शुक्ला और आशा शुक्ला, पत्नी कामना और बेटे कियाश भी मौजूद रहे।