


भारत में आज यानी रविवार को साल 2025 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण लगेगा। यह एक पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा, जिसे ब्लड मून के नाम से जाना जाता है, और इसे देश के सभी हिस्सों से साफ तौर पर देखा जा सकेगा। यह 2022 के बाद भारत में दिखने वाला सबसे लंबा पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा।
चंद्र ग्रहण का यह खगोलीय नजारा रात करीब 10 बजे शुरू होकर लगभग 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा। इसमें से 82 मिनट तक पूर्ण चंद्र ग्रहण रहेगा। इस दौरान पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाएगी, जिससे पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ेगी और वह गहरा लाल या नारंगी रंग का नजर आएगा। इसी लालिमा को ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।
यह 27 जुलाई, 2018 के बाद पहली बार है जब पूर्ण चंद्र ग्रहण को भारत के हर कोने से देखा जा सकेगा। इसे नंगी आंखों से भी देखा जा सकता है और इसके लिए किसी खास चश्मे या फिल्टर की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, दूरबीन या टेलीस्कोप की मदद से इसे और भी स्पष्ट रूप में देखा जा सकता है।