


केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिहार में तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि, दोनों सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और विरासत की राजनीति कर रहे हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने दोनों पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि,लालू यादव ने मेहनत से राजनीति में नाम कमाया, लेकिन तेजस्वी उसका लाभ उठा रहे हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी बिहार का भविष्य नहीं सुधार सकते।
कांग्रेस ने मुसलमानों को गरीब बनाए रखा
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया कि, राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में ज्यादातर मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हो रहे हैं, जो समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश है। केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने आगे कहा, “मैं अपने मुस्लिम भाइयों-बहनों से अपील करता हूं कि वे कांग्रेस के इस जाल में न फंसें। बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि, कांग्रेस ने मुसलमानों को गरीब बनाए रखा और उन्हें वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।
गरीबी का कोई धर्म नहीं होता
किरेन रिजिजू ने आगे अपने बयान में कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सभी समुदायों के लिए बिना भेदभाव के काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने आगेकहा कि, गरीबी का कोई धर्म नहीं होता। हमारी सरकार सभी गरीबों को समान रूप से समर्थन दे रही है। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, अगर मुस्लिम समुदाय में गरीबी है, तो यह कांग्रेस की नीतियों का नतीजा है। वहीं आगे उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को “गुमराह करने और भड़काने” वाला करार देते हुए कहा कि, यह समाज में विभाजन पैदा करता है।
राहुल गांधी सुबह उठते ही पीएम मोदी को गाली देना शुरू कर देते है
वहीं कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बिहार में‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल पर भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि, राहुल गांधी सुबह उठते ही पीएम मोदी को गाली देना शुरू कर देते हैं। यह भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। हमारी संस्कृति में सम्मानित व्यक्तियों के प्रति ऐसी भाषा अस्वीकार्य है। जनता इसका जवाब देगी।