


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी पर बने पुल के ढहने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुखद हादसे में 9 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है, साथ ही घायलों को भी राहत राशि देने की बात कही है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘‘गुजरात के वडोदरा जिले में पुल के ढहने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिए हादसे की जांच के आदेश
दरअसल, यह हादसा वडोदरा जिले की महिसागर नदी पर बने एक पुराने पुल के ढहने से हुआ। इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। हादसे के वक्त 5 गाड़ियां पुल से नीचे गिर गईं, जबकि एक ट्रक पुल के किनारे पर फंसा हुआ नजर आया। जानकारी के अनुसार यह पुल वर्ष 1985 में बनाया गया था। गुजरात के मुख्यमंत्री ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।