


मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग राज्य में एक बंपर भर्ती अभियान चला रहा है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेश लाल मेहरा के अनुसार दिसंबर 2023 से अब तक 3756 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए संबंधित विभागों को अनुशंसा पत्र भेजे जा चुके हैं। 4492 पदों के लिए 75 भर्ती विज्ञापन जारी किए गए थे, जिनके तहत ये उम्मीदवार चुने गए। डॉ. मेहरा ने बताया कि आगामी महीनों में MPPSC के माध्यम से 5562 पद भरे जाएंगे। इसके लिए आयोग ने कुल 81 भर्ती विज्ञापन जारी किए हैं, जबकि 5317 पदों के लिए 61 भर्ती प्रक्रियाएं वर्तमान में चल रही हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में अब तक 3756 पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं।मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को समय पर पूरा करने में लगा हुआ है। प्रदेश शासन और उच्च न्यायालय द्वारा कुल विज्ञापित पदों में से 87 प्रतिशत पदों के परिणाम घोषित करने के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
डिप्टी कलेक्टर और उप पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदों के लिए रिकमंडेशन भेजी गई
आयोग के सचिव प्रबल सिपाहा ने बताया कि इस अवधि में राज्य सेवा परीक्षाओं 2019, 2021 और 2022 के 1109 पदों तथा राज्य वन सेवा परीक्षाओं के 200 पदों के अंतिम परिणाम घोषित किए गए हैं। संबंधित विभागों को उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए तत्काल रिकमंडेशन भेजी गई है ताकि वे शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर सकें। इस दौरान सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग को क्रमशः 72 डिप्टी कलेक्टर और 51 उप पुलिस अधीक्षक के पदों के लिए अनुशंसा पत्र भेजे गए।
साथ ही, स्कूल शिक्षा विभाग के लिए सहायक संचालक के 132 पद और मध्यप्रदेश वित्त सेवा के 22 पदों के लिए भी रिकमंडेशन दी गई। वन सेवा परीक्षा के तहत सहायक वन संरक्षक के 19 पद और वन क्षेत्रपाल व परियोजना क्षेत्र अधिकारी के 181 पदों के लिए वन विभाग को अनुशंसा पत्र भेजे गए। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में रेडियोलॉजी विशेषज्ञ के 7 पदों के लिए भी अनुशंसा की गई।
आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 543 पदों के लिए भी अनुशंसा
MPPSC ने आयुष विभाग के लिए 17 विषयों में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 543 पद तथा आयुष व्याख्याता के 71 पदों के लिए भी अनुशंसा की है। इसके अलावा, उच्च शिक्षा विभाग को सहायक प्राध्यापक परीक्षा 2022 के अंतर्गत 25 विषयों के 727 पदों के लिए अनुशंसा पत्र जारी किए गए हैं।