


राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए ने बिहार चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीए के सीट बंटवारे की घोषणा की। इस समझौते के तहत, भाजपा और नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जबकि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
पहली लिस्ट आज जारी होने की उम्मीद
इसके पश्चात् रविवार को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में बिहार विधानसभा के उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई गई। पार्टी ने सभी 101 नामों पर अपनी मुहर लगा दी है। ऐसे में भाजपा के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आज सोमवार को जारी होने की उम्मीद है।
दो दिनों की दिल्ली में हुई मैराथन बैठक में एक-एक नाम पर चर्चा
उल्लेखनीय है कि दो दिनों की दिल्ली में हुई मैराथन बैठक में एक-एक नाम पर चर्चा हुई। शनिवार को जेपी नड्डा की अध्यक्षता में उनके आवास पर आठ घंटे तक चली बैठक में सभी संभावित उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। इसके बाद रविवार को बैठकें हुई।
केंद्रीय समिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बिहार भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा आदि भी उपस्थित रहे।