


झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन के निधन पर देशभर की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं ने शोक व्यक्त किया और उन्हें एक संघर्षशील जननायक बताया। नेताओं ने उन्हें जनजातीय समाज का सच्चा प्रतिनिधि और झारखंड राज्य के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाला नेता करार दिया। तमाम नेताओं ने उनके परिवार और झारखंड के लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
शिबू सोरेन जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, शिबू सोरेन झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों विशेष रूप से जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा भी उनसे लंबा परिचय रहा। उनके निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है। उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं”
आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूं। उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। मैंने उनके सुपुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करे।”
झारखंड ने आज अपना महान सपूत खो दिया है
झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने एक्स पर लिखा, “झारखंड ने अपना महान सपूत खो दिया है। एक जीवन जो संघर्ष था, एक नाम जो आंदोलन बना दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी। उनकी विरासत हमारे विचारों, आंदोलनों और आत्मा में हमेशा जीवित रहेगी। विनम्र श्रद्धांजलि उस महापुरुष को, जिनके बिना झारखंड की कल्पना अधूरी है। कोटिशः नमन, दिशोम गुरु जी।”
शिबू सोरेन जी के निधन से समस्त झारखंड और बिहार मर्माहत
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लिखा, “झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन जी के निधन से समस्त झारखंड और बिहार मर्माहत है। समस्त राष्ट्रीय जनता दल असह्य पीड़ा के इस पल में गुरु जी के परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता है।”
शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक
भाजपा सांसद रवि किशन ने एक्स पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों तथा शुभचिंतकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”