


झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार (4 अगस्त) सुबह निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके निधन के बाद अंतिम दर्शन के लिए अस्पताल पहुंचे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान हेमंत सोरेन बेहद भावुक हो गए और पीएम मोदी का हाथ पकड़कर रो पड़े।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन लंबे वक्त से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे. वे पिछले एक महीने से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे. उनके निधन की जानकारी हेमंत सोरेन के एक्स हैंडल से शेयर की गई थी. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं. आज मैं शून्य हो गया हूँ.'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी के निधन की सूचना अत्यंत दुखद है। झारखंड में जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए उन्होंने दशकों तक संघर्ष किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और सोरेन परिवार सहित उनके सभी प्रशंसकों व समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति दें।