


अंतराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन जाने वाले पहले भारतीय शुभांशु शुक्ला ने अपने देश के स्कूली छात्रों से बातचीत कर अपना अंतरिक्ष में रहने का अनुभव सांझा किया। शुक्ला एक्सिओम मिशन - 4 के तहत स्पेस स्टेशन गए थे और वह पिछले सात दिनों से वहीं है। इसरो के विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्ला ने देश के कई राज्यों के बच्चों से बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान छात्रों ने उनसे पूछा कि वह अंतरिक्ष में क्या खाते है, कैसे सोते है और बीमार पड़ जाने पर क्या होता है। बच्चों ने शुक्ला से अंतरिक्ष में शरीर के ढ़लने और वापस लौटने पर धरती के वातावरण को अपनाने से जुड़े सवाल भी किए।
स्पेस स्टेशन पर क्या खाते है अंतरिक्ष यात्री
अंतरिक्ष यात्री स्पेस स्टेशन पर किस तरह का खाना खाते है यह पूछे जाने पर शुक्ला ने बताया कि, वह ज्यादातर खाना अपने साथ ही पैक कर के ले जाते है। इस खाने को पैक करते समय अंतरिक्ष यात्रियों के पोषण का पूरा ध्यान रखा जाता है और उसके अनुसार ही खाना पैक किया जाता है। यात्रा से पहले सभी यात्रियों से उनकी पसंद पूछी जाती है और उस पसंद के हिसाब से उनके लिए खाना पैक किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान शुक्ला ने बताया था कि वह गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और आम रस जैसी मिठाइयां अपने साथ अंतरिक्ष में लेकर गए है।