Jaipur: मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज राजस्थान (Rahul Gandhi) में प्रवेश करेगी। शाम करीब 4 बजे राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से राजस्थान के धौलपुर जिले में प्रवेश करेगी। फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी के बाद राहुल गांधी धौलपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 5 दिन का ब्रेक होगा।
कांग्रेस के ये दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
इसमें पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सचिन पायलट सहित कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। लेकिन इससे पहले आज सीएम भजनलाल शर्मा अपनी आभार यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत धौलपुर से कर रहे हैं। उनका धौलपुर के बाड़ी में आभार सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
पूर्वी राजस्थान को साधना चाहती है कांग्रेस
दरअसल, कांग्रेस और बीजेपी इन यात्राओं के जरिए पूर्वी राजस्थान को साधना चाहती है। साल 2018 में पूर्वी राजस्थान की 39 में से केवल 3 सीटें बीजेपी ने जीती थीं। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 20, कांग्रेस ने 16 और अन्य ने 3 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने चुनावों में बीजेपी पर ईआरसीपी राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं करने का आरोप लगाया था। वहीं, बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद ईआरसीपी को लागू करने का आश्वासन दिया था। जनता ने पूरी तरह से किसी पर भी विश्वास नहीं किया। यही वजह रही कि पूर्वी राजस्थान में किसी को भी एक तरफा जीत नहीं मिली। अब कांग्रेस राहुल गांधी की न्याय यात्रा के जरिए पूर्वी राजस्थान में जनाधार वापस पाना चाहती है। वहीं, बीजेपी ईआरसीपी का वादा पूरा करने का श्रेय लेकर लोकसभा चुनावों में क्लीन स्वीप करने की तैयारी में है।
आज शाम 4 बजे धौलपुर जिले में करेगी प्रवेश
राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) दूसरी बार राजस्थान आ रहे हैं। 14 फरवरी को सोनिया गांधी के राज्यसभा चुनावों के लिए नामांकन के समय राहुल गांधी भी मौजूद रहे थे। आज सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की न्याय यात्रा आज शाम 4 बजे धौलपुर जिले में प्रवेश करेगी। यहां फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी होगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को न्याय यात्रा का फ्लैग सौपेंगे। फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी के तुरंत बाद धौलपुर के बोथपुरा मोड़ पर एक जनसभा आय़ोजित होगी। इसे राहुल गांधी संबोधित करेंगे। जनसभा में तीनों लोकसभा सीटों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। वहीं, मध्यप्रदेश से भी कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।
धौलपुर से मध्यप्रदेश जाएगी यात्रा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के धौलपुर पहुंचने के बाद इसमें 5 दिन का ब्रेक होगा। राहुल गांधी जनसभा के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। वहीं, 2 मार्च को धौलपुर लौटेंगे। 2 मार्च को राहुल गांधी राजाखेड़ा बाईपास से मध्य प्रदेश बॉर्डर तक करीब ढ़ाई किलोमीटर पैदल चलेंगे। इसके बाद यात्रा मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में प्रवेश कर जाएगी।
न्याय यात्रा का जवाब आभार यात्रा से दिया
बीजेपी ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की न्याय यात्रा का जवाब आभार यात्रा निकालकर दिया है। इस यात्रा का नेतृत्व सीएम भजनलाल शर्मा कर रहे हैं। यह यात्रा अलवर जिले के बड़ौदामेव से शनिवार को शुरू हुई। शनिवार को सीएम भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अलवर,डीग और भरतपुर जिले में आभार सभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में इन्होंने कांग्रेस पर ईआरसीपी को लटकाने और भटकाने का आरोप लगाए। बीजेपी सरकार द्वारा ईआरसीपी को लागू करने का श्रेय लिया।