Jaipur: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें (Lok Sabha Election 2024) कम नहीं हो रही हैं। राजस्थान में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव और लाल चंद कटारिया ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।
ये नेता हुए बीजेपी में शामिल
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव और लाल चंद कटारिया, पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा और आलोक बेनीवाल भाजपा में शामिल हो गए हैं।
बीजेपी के ये नेता रहे मौजूद
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में कई कांग्रेस नेता बीजेपी में शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष ने साधा निशाना
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली (Lok Sabha Election 2024) ने कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं, वह ही इसका कारण बता सकते हैं, चाहे वे डर या लालच के कारण छोड़ रहे हों। कांग्रेस ने उन्हें सब कुछ दिया है। अगर नेता पार्टी छोड़ रहे हैं तो पार्टी को कोई नुकसान नहीं है। कांग्रेस को नुकसान तभी होगा, जब उसके कार्यकर्ता उन्हें छोड़ेंगे, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता मजबूत हैं और उन्हें पता है कि क्या करना है। उन्होंने कहा कि बीजेपी 'कांग्रेस मुक्त भारत' का नारा देती है, लेकिन वे कांग्रेस के नेताओं को ही अपने साथ जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की विचारधारा कहां बची है। बीजेपी '370 पार' की बात करते हैं, लेकिन उन्हें डर है कि क्या वे 272 सीटें भी जीत पाएंगे।