Jaipur: कांग्रेस की लोकसभा चुनाव के लिए राजस्थान की (Loksabha Election 2024) पहली सूची के नामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। हालांकि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को 39 नामों की पहली सूची जारी कर दी है, लेकिन उनमें राजस्थान के प्रत्याशी शामिल नहीं हैं। ऐसे में अब माना जा रहा है कि दूसरी सूची में राजस्थान के कम से कम 10 प्रत्याशी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को भी मैदान में उतारे जाने के बाद अब राजस्थान से पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट पर भी चुनाव लड़ने के लिए दबाव रहेगा।
राजस्थान के हो सकते हैं 10 नाम
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजस्थान के 10 नामों की पहली सूची किसी भी समय घोषित की जा सकती है। राजस्थान के नेताओं के साथ दिल्ली में चुनाव समिति के पदाधिकारियों ने सभी 25 सीटों पर मंथन किया था, लेकिन उनमें से चार से पांच सीटों पर प्रत्याशियों का चयन होल्ड पर कर दिया गया था। साथ ही 8 से 10 सीटों पर एक नाम पर सहमति नहीं बनी।
गठबंधन को लेकर उत्सुक कांग्रेस
लगातार दो लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें हारने (Loksabha Election 2024) के बाद अब लगातार तीसरे चुनाव में भी ऐसा प्रदर्शन नहीं हो, इसके लिए कांग्रेस चाहती है कि कुछ सीटों पर पार्टी अन्य दलों से गठबंधन कर ले। ऐसे में आदिवासी क्षेत्र की एक या दो सीटों के लिए पार्टी भारत आदिवासी पार्टी से गठबंधन की आस है। बांसवाड़ा सीट पर इसी कारण फैसला बाद में किया जाएगा। दूसरी ओर, चित्तौड़गढ़, नागौर, गंगानगर भी गठबंधन की संभावनाओं के कारणों से होल्ड पर हैं। पार्टी मानती है कि यदि कुछ सीटों पर गठबंधन होता है तो उसको कुछ सीटें गठबंधन के कारण मिल सकती हैं। अन्य सीटों पर भी उसका फायदा मिल सकता है।
कड़े फैसले करेगी पार्टी
केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए प्रत्याशियों के चयन को देखें तो माना जा रहा है कि पार्टी राजस्थान में भी कुछ वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतार सकती है। इनमें अशोक गहलोत, सचिन पायलट, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री शांति धारीवाल जैसे नेता भी शामिल हो सकते हैं। इनके अलावा पार्टी नए लोगों को टिकट देकर चौंका भी सकती है। पार्टी की ओर से पैनल में ऐसे कुछ नए नामों को शामिल किया गया है।