Jaipur: राजस्थान में उत्तरी हवा का प्रभाव कम (Rajasthan Weather Update) होने से तापमान बढ़ने लगा है। शनिवार को डूंगरपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, बाड़मेर समेत कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। रविवार को भी कई शहरों का न्यूनतम तापमान बढ़ने से सर्दी का असर कम रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 13 मार्च से जो सिस्टम एक्टिव आने वाला है, वह अब कमजोर होने लगा है। इससे उत्तरी राजस्थान में बारिश होने की संभावना कम है।
राजस्थान की सीमा पर छाए बादल
रविवार को जैसलमेर, अजमेर, बाड़मेर, उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुए। इन शहरों में तापमान बढ़ने से सर्दी का असर कम हो गया। जोधपुर में आज न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर, सीमावर्ती इलाके जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर के बॉर्डर एरिया के गांवों में आज सुबह बादल छाए। हालांकि इन बादलों से बारिश नहीं होगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पाकिस्तान के ऊपर एक हल्के प्रभाव के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण ये बादल पूरे पाकिस्तान के साथ-साथ राजस्थान की सीमा पर भी छाए हुए हैं।
दिन का तापमान अब भी सामान्य से नीचे
भले ही रात में तापमान बढ़ने लगे हों, लेकिन राजस्थान (Rajasthan Weather Update) में अब भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे है। शनिवार को अजमेर, बीकानेर, चूरू, जयपुर, जैसलमेर, कोटा, गंगानगर, उदयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। कल सबसे अधिक तापमान डूंगरपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
13 मार्च से एक्टिव होगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 13 मार्च से राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। ये सिस्टम अब कमजोर होने लगा है। इससे राज्य में जो बारिश होने की संभावना थी, वह बहुत कम हो गई। हालांकि उत्तर-पश्चिम राजस्थान के जिलों में बादल छा सकते है और तेज हवा चल सकती है। लेकिन बारिश होने की संभावना कम है।