Jaipur: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी (CP Joshi) आज दौसा जिले के दौरे पर हैं। मेहंदीपुर बालाजी जाते वक्त दौसा कलेक्ट्रेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सिकंदरा, मानपुर, ठीकरिया व बालाजी मोड़ व मुख्य बाजार में भी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। जोशी ने मंदिर पहुंचकर बालाजी महाराज के दर्शन किए। उन्होंने बालाजी को प्रसादी चढ़ाकर विशेष पूजा अर्चना की, साथ ही भैरव बाबा व प्रेतराज सरकार के भी दर्शन किए।
जोशी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा वह धर्म और धार्मिक स्थानों के विरोधी हैं। वे कहते थे कि राम हुए ही नहीं है, जबकि प्रभु श्रीराम ने भी नरेंद्र मोदी जैसे चरित्र को चुना और आज 500 वर्षों बाद अयोध्या में दिव्य और भव्य मंदिर बना है। उन्होंने कहा सनातन संस्कृति को गाली देना, उसको एड्स-मलेरिया कहने वाले उसी संस्कृति के लोग हैं, जो कहीं न कहीं तुष्टीकरण के कारण आध्यात्म और सनातन के प्रति इतनी नफरत करते हैं।
भाजपा के कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
इससे पहले मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रदेश अध्यक्ष (CP Joshi) का स्वागत किया गया, जहां मंदिर सेवकों ने ट्रस्ट द्वारा संचालित धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, महुवा विधायक राजेंद्र प्रधान, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा, पूर्व मंत्री रामकिशोर मीणा, पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा, सत्यनारायण जैमन, श्याम सिंह सिसोदिया समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी सिकराय विधानसभा क्षेत्र में लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं।