Jaipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Amrit Bharat Station Scheme) के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत देशभर में लगभग 41 हजार करोड़ रुपए की लागत से 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य के शिलान्यास और 1500 रोड ओवरब्रिज एवं अंडरपास के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इनमें प्रदेश के 21 रेलवे स्टेशन एवं 112 रोड ओवरब्रिज एवं अंडरपास शामिल हैं।
सांगानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित हुआ था कार्यक्रम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सांगानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री का इन सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में रेलवे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आधुनिकीकरण के साथ-साथ रेलवे में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत स्टेशन की चर्चा विश्वभर में हो रही है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद सीपी जोशी व रामचरण बोहरा, जयपुर ग्रेटर मेयर सौम्या गुर्जर, विधायक गोपाल शर्मा एवं कुलदीप धनखड़ उपस्थित रहे। राज्यपाल व स्पीकर भी जुड़े: कार्यक्रम से राज्यपाल कलराज मिश्र व स्पीकर वासुदेव देवनानी वर्चुअल जुड़े। मिश्र बोले-रेलवे के आधुनिकीकरण से प्रदेश के विकास को भी नए आयाम मिलेंगे।
प्रदेश के इन स्टेशनों का होगा पुनर्विकास
पीएम ने प्रदेश के 21 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों (Amrit Bharat Station Scheme) का शिलान्यास किया। इसमें अजमेर जंक्शन, पाली मारवाड़, सांगानेर, ब्यावर, फतेहनगर, जवाई बांध, रानी, सोमेसर, गोगामेड़ी, रायसिंह नगर, दौसा, फतेहपुर शेखावाटी, खैरथल, नीम का थाना, राजगढ़, डीग, धौलपुर, गोविंदगढ़, खेड़ली, बूंदी तथा झालावाड़ सिटी हैं। ये रेलवे स्टेशन मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के एकीकरण से सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों का केन्द्र बनेंगे। इनको सिटी सेन्टर के रूप में पुनर्विकसित करते हुए रूफ प्लाजा शॉपिंग जोन, फूड कोर्ट एवं बच्चों के खेलने के लिए आदि की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।