Jaipur: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का एक (Rajasthan News) वीडियो चर्चा में है। इसमें दिलावर गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा और पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने ट्वीट किया है। इंदिरा मीणा ने लिखा- राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री अजीबो गरीब मांग से तबाही फैलाने वाले हैं। वहीं, दिलावर का कहना है कि उनका वीडियो काफी पुराना है। इससे छेड़छाड़ कर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वीडियों में?
दरअसल, 30 सेकेंड के इस वीडियो में मदन दिलावर माता रानी से हाथ जोड़कर कहते नजर आ रहे हैं कि 'जो लोग प्लास्टिक की थैली में सामान लाते हैं। जो लोग प्लास्टिक के गिलास में चाय पीते हैं। जो गंदगी फैलाते हैं। हे मां उनको बीमार कर देना, उनके घर में किसी न किसी का हाथ तोड़ देना, पैर तोड़ देना, उनमें से किसी का नुकसान हो जाए ऐसा कर देना। उनके घर कभी धन मत आने देना। हे मां आपसे यही प्रार्थना है। ताकि सभी लोग सुखी रहेंगे, कभी भी गंदगी नहीं रहेगी।'
कांग्रेस ने जमकर साधा निशाना
वीडियो के बारे में बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर अपने बेतुके बयानों के बाद जनता के खिलाफ भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। इससे उनकी मानसिकता का पता चलता है। क्या राजस्थान की जनता इस तरह के नेताओं को वोट देकर सत्ता में लाएगी। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा- मैंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को टैग कर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का वीडियो शेयर किया है। ताकि उन्हें भी पता चले कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री किस तरह के विचार रखते हैं। वैसे भी राजस्थान के शिक्षा मंत्री हर दिन अपने अलग-अलग वीडियो की वजह से सुर्खियों में ही रहते हैं। अगर उन्हें मेरे ट्वीट से दिक्कत है तो वह मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
क्या बोले मंत्री मदन दिलावर?
इस वीडियो पर शिक्षा मंत्री से उनका (Rajasthan News) जाना तो उन्होंने बताया- यह वीडियो काफी पुराना है। इसमें छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। मेरा मकसद आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। इसे गलत तरीके से काट छांटकर प्रसारित किया जा रहा है। जो पूरी तरह गलत है। मैंने यह प्रार्थना की है कि जो लोग पॉलीथिन का उपयोग नहीं करते हैं, गंदगी नहीं फैलाते हैं, भगवान उनके घर में सुख-समृद्धि और अन्न के भंडार रखे। प्लास्टिक जलाने और गंदगी फैलाने वालों का बुरा हो, नुकसान हो, मैंने ऐसा कहा था। कांग्रेसी नेता जानबूझकर इस वीडियो को गलत तरीके से वायरल कर रहे हैं। जनता कांग्रेसी नेताओं की साजिश में नहीं आएगी।
अक्टूबर 2019 का है वीडियो
एक पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो 9 अक्टूबर 2019 का है। दिलावर कोटा के रामगंज मंडी को प्लास्टिक मुक्त करने की मुहिम शुरू करने के लिए गए थे। बता दें कि मदन दिलावर शिक्षा मंत्री बनने के बाद लगातार अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले भी वह अकबर को बलात्कारी बताने के साथ ही भ्रष्ट और बेईमान शिक्षकों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने के बयान की वजह से सुर्खियां बटोर चुके हैं। शिक्षा मंत्री बनने से पहले भी दिलावर भैरोंसिंह शेखावत की सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री भी रह चुके हैं।