Jaipur: बीजेपी से बागी होकर बने विधायक लोकसभा चुनाव (Rajasthan Politics) में पार्टी की मुश्किलें बढ़ा सकते है। विधायक रविंद्र सिंह भाटी के समर्थक लोकसभा चुनाव लड़ने की पोस्ट सोशल मीडिया पर डाल रहे है। वहीं विधायक रविंद्र सिंह भाटी कल यानि 11 मार्च से जैसलमेर से देव दर्शन यात्रा शुरू कर रहे है। यह प्रेशर पॉलिटिक्स है या फिर भाटी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन मीडिया बातचीत में भाटी ने चुनाव लड़ने के संकेत दिए है। उधर कांग्रेस यहां से हेमाराम चौधरी को चुनाव लड़ना चाहती है लेकिन चौधरी चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके है।
कैलाश चौधरी कर रहे लोकसभा क्षेत्र में देव दर्शन
दरअसल, विधानसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज डॉ. प्रियंका चौधरी ने बाड़मेर से और रविंद्र सिंह भाटी ने शिव से चुनाव लड़ा और जीत गए। इसके बाद से बीजेपी में एंट्री नहीं हो पाई है। हालांकि बाड़मेर-जैसलमेर के उद्घाटन समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों में शरीक हो रहे है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पहली सूची में बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा क्षेत्र से कैलाश चौधरी को दुबारा टिकट देकर उतारा है। फिलहाल कैलाश चौधरी लोकसभा क्षेत्र में देव दर्शन यात्रा के जरिए लोगों से मिल रहे है।
चुनाव लड़ने वाले सवाल पर क्या बोले भाटी
शिव एमएलए रविंद्र सिंह भाटी से लोकसभा चुनाव (Rajasthan Politics) लड़ने के सवाल पर कहा कि देव दर्शन यात्रा के जरिए देवी-देवताओं को धोक लगाने के साथ-साथ मेरे जितने भी लोग है उनके पास जाएंगे उनसे राय लेंगे और जनता को जो आदेश होगा वो करेंगे। राजस्थान विधानसभा का सदस्य मुझे बनाया है तो जनता ने बनाया है और करने वाली भी जनता है। एक समय तक मैं धुंधाड़ा परिवार (पैतृक गांव) का हिस्सा था। लेकिन अब मेरा परिवार जनता है। इनका जो आदेश रहेगा वो आगे कदम उठाएंगे। 11 मार्च को देव दर्शन यात्रा के लिए निकल रहे है। सब लोगों से मिलकर विचार-विमर्श भी करेंगे। भाटी ने कहा कि इस बार भी बहुत बढ़िया होगा, नई चीजें आएगी, बढ़िया भचीड़ बोला देंगे।
एमएलए भाटी की देवदर्शन यात्रा कल से
बीजेपी की लिस्ट आने के साथ भाटी के समर्थक सोशल मीडिया पर लोकसभा चुनाव निर्दलीय लड़ने की पोस्ट डाल रहे है। वहीं शिव एमएलए 11 मार्च से जैसलमेर से देव दर्शन यात्रा शुरू कर रहे है। हालाकि भाटी ने अभी तक चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं की है। ऐसे कयास लगाए जा रहे है कि भाटी की देव दर्शन यात्रा बीजेपी में एंट्री की प्रेशर पॉलिटिक्स भी हो सकती है।
पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी का चुनाव लड़ने से इनकार
कांग्रेस ने अब तक राजस्थान लोकसभा सीटों (Rajasthan Politics) को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले है। लेकिन कांग्रेस बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट से हेमाराम चौधरी को चुनाव लड़ना चाहती है। पार्टी के नेता बार-बार फोन कर समझाने का भी प्रयास कर रहे है। लेकिन हेमाराम चौधरी चुनाव लड़ने के लिए राजी नहीं हो रहे है। अब कल कांग्रेस की होने वाली मीटिंग के बाद राजस्थान लोकसभा की टिकट फाइनल हो सकती है।