Jaipur: राजस्थान में मंगलवार को लगातार तीसरे (Rajasthan Weather Update) दिन कड़ाके की सर्दी रही। उत्तरी जिले गंगानगर, हनुमानगढ़ के ग्रामीण एरिया में तेज सर्दी के कारण ओंस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो गईं। कोटा में सोमवार की रात पिछले 12 साल की (मार्च) सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आज दोपहर बाद उत्तरी राजस्थान के जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं। कल से राज्य में अगले तीन-चार दिन आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी।
इन जिलों में जमीं बर्फ की परत
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में सुबह तेज सर्दी के कारण गाड़ियों के ऊपर और छत पर हल्की बर्फ की परत जमीं नजर आई। ये लगातार तीसरा दिन है, जब गंगानगर के एरिया में मार्च के महीने में सुबह बर्फ जमी हो। शेखावाटी के चूरू, सीकर में भी आज जबरदस्त सर्दी रही। सीकर के फतेहपुर में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जानें इन जिलों का हाल
चूरू में भी कल के मुकाबले तापमान 0.5 डिग्री गिरकर 8.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। अजमेर में न्यूनतम तापमान गिरकर आज 12.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जयपुर में आज जरूर तापमान 2 डिग्री सेल्सियस चढ़ा, जिससे लोगों को सर्दी से मामूली राहत मिली। जयपुर में सोमवार शाम को हल्की ठंडी हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई थी। मंगलवार को कल की तरह ही तेज धूप खिली है।
कोटा में 12 साल बाद सबसे ठंडी रात
कोटा में आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस (Rajasthan Weather Update) दर्ज हुआ। ये पिछले 12 साल में मार्च के महीने का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ है। ठंडी हवाएं चलने से यहां सुबह-शाम सर्दी तेज हो गई। इससे पहले साल 2017 में कोटा में मार्च का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं, 2012 में 12.8 रहा था।
सीकर में ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड
सीकर में इस बार मार्च के महीने में पड़ने वाली सर्दी ने पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सीकर के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर सोमवार रात का तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया। अनुसंधान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 साल में मार्च में रात का पारा कभी भी 5 डिग्री से नीचे नहीं गया।