Jaipur: राजस्थान में इस सीजन सर्दी की शुरुआत (Rajasthan Weather Update) कमजोर रही। नवंबर, दिसंबर और जनवरी में सर्दी औसत से कम रही। इस बार दिसंबर-जनवरी में सीकर, चूरू और झुंझुनूं में तापमान जमाव बिंदु तक भी नहीं पहुंचा। इसे देखकर अनुमान जताया जा रहा था कि फरवरी के दूसरे सप्ताह से गर्मी का सीजन शुरू हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फरवरी में उम्मीद से थोड़ी ज्यादा ठंडक रही। पिछले 5 साल का रिकॉर्ड देखें तो इस सीजन फरवरी में सर्दी ज्यादा लंबे समय तक रही। अधिकांश शहरों में दिन का औसत तापमान भी नीचे रहा। रेगिस्तानी इलाके बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और चूरू में भी इस सीजन दिन का तापमान साल 2019 के बाद सबसे कम रहा यानी दिन में गर्मी के बजाय ठंडक रही। जैसलमेर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से हुई बारिश ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
कोटा में रहा अधिकतम तापमान
राजस्थान में अमूमन फरवरी के तीसरे सप्ताह से तापमान बढ़ने लग जाता है। अजमेर, जयपुर, उदयपुर और श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर चला जाता है, लेकिन इस सीजन कोटा को छोड़कर किसी भी शहर का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। कोटा एकमात्र ऐसा जिला रहा, जहां तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बाड़मेर, जालोर, जैसलमेर और जोधपुर जैसे गर्म इलाकों में भी पारा 32 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर में फरवरी में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। राजस्थान में 8 बड़े शहरों की रिपोर्ट देखें तो यहां पूरे सीजन में फरवरी में दिन का औसत तापमान सामान्य से नीचे रहा। अजमेर, बीकानेर, चूरू, जयपुर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर में फरवरी में कम से कम 20 दिन अधिकतम तापमान औसत से भी नीचे रहा।
बारिश का बना नया रिकॉर्ड
राज्य में तीसरे सप्ताह एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Rajasthan Weather Update) से जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर संभाग के जिलों में बारिश हुई। जैसलमेर में 49 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। 26 फरवरी 1975 को जैसलमेर में फरवरी के महीने में एक दिन में सर्वाधिक बरसात 26.8MM दर्ज हुई थी, जबकि इस सीजन में 20 फरवरी को 39MM बरसात हुई। कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
मार्च में सामान्य रहेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मार्च का महीना इस बार सामान्य रह सकता है। मार्च के पहले सप्ताह तक सर्दी में उतार-चढ़ाव रहेगा। तीसरे सप्ताह से गर्मी बढ़ने लगेगी और तापमान कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकते है। हालांकि मार्च में बारिश सामान्य से ज्यादा होने का अनुमान है यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस लगातार आने और वेदर गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।