Jaipur: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Rajasthan Politics) के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले शेरगढ़ से बीजेपी विधायक बाबू सिंह राठौड़ के तेवर आज कुछ बदले हुए हैं। आज जयपुर में सीएम आवास (ओटीएस) पर भजनलाल की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और विधायक बाबू सिंह राठौड़ की बातचीत हुई है। सीएम ने दोनों नेताओं के बीच सुलह करवाने का प्रयास किया है।
सीएम ने बाबू सिंह राठौड़ से कही ये बात
सीएम ने बाबू सिंह राठौड़ को शेखावत के खिलाफ किसी तरह की बयानबाजी नहीं करने के लिए कहा है। गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ संजीवनी पीड़ितों के साथ धरने देने और नारेबाजी करने के बाद सीएम भजनलाल ने बाबू सिंह राठौड़ को जयपुर बुलाया था। राठौड़ धरना खत्म कर जयपुर पहुंचे थे। सीएम भजनलाल ने पहले राठौड़ को अकेले में बैठकर बातचीत की। उन्हें हाईकमान का मैसेज दिया। जानकारी अनुसार, इस घटनाक्रम को लेकर बीजेपी हाईकमान तक रिपोर्ट गई है। बाबू सिंह राठौड़ से अब आगे किसी तरह की बयानबाजी या विरोध नहीं करने के लिए कहा गया है।
शेखावत-राठौड़ ने साथ फोटो खिंचवाए
सीएम की मौजूदगी में हुई इस बातचीत के (Rajasthan Politics) बाद किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सीएम के साथ मुलाकात के बाद गजेंद्र सिंह शेखावत और बाबू सिंह राठौड़ ने साथ फोटो खिंचवाए। इन फोटो को सार्वजनिक किया गया है। फोटो में दोनों नेताओं की बॉडी लैंग्वेज देखकर कई तरह की चर्चा है। बाबू सिंह राठौड़ आगे क्या कदम उठाते हैं, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। फिलहाल सीएम ने सुलह का प्रयास जरूर किया है, लेकिन यह सब कुछ बाबू सिंह पर निर्भर करेगा।
बाबू सिंह के क्षेत्र शेरगढ़ में शेखावत को काले झंडे दिखाए थे
दरअसल, गुरुवार शाम से पूरे विवाद की शुरुआत हुई थी। केंद्रीय मंत्री शेखावत एंबुलेंस का लोकार्पण करने शेरगढ़ गए थे। शेरगढ़ में अनेक जगहों पर शेखावत को विरोध का सामना करना पड़ा था। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर काले झंडे दिखाए थे। शेखावत इस क्षेत्र के भालू रतनगढ़ पंचायत में एनीकट का लोकार्पण करने भी पहुंचे। उन्होंने जैसे ही भाषण शुरू किया, वहां मौजूद लोगों ने विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद चामू थाना इंचार्ज ने 10 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
बाबू सिंह ने क्या कहा था?
चामू में संजीवनी घोटाले के (Rajasthan Politics) पीड़ितों के धरने प्रदर्शन के दौरान विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने गजेंद्र सिंह शेखावत पर जमकर जुबानी हमला बोला था। धरना-प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए बाबू सिंह राठौड़ ने कहा था- 'संजीवनी के मामले में कई लोगों ने अपनी जिंदगी की कमाई गंवा दी। कई लोगों के पैसे डूब गए। जब लोगों ने शेखावत से कहा- अब केंद्र और राज्य, दोनों में आपकी सरकार है। इसकी जांच हो जाए और हम गरीबों का पैसा मिल जाए तो हमारा आशीष आपको मिलेगा। इसके बाद भी शेखावत ने कोई मदद नहीं की। आज गरीब खून के आंसू रो रहे हैं। बाबू सिंह ने शेखावत पर विकास के काम नहीं करवाने के आरोप लगाते हुए तल्ख बयान दिए थे।