Jaipur: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और खेल परिषद के बीच चल रहे विवाद के बीच जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मुकाबले की तैयारी शुरू हो गई है। राजस्थान रॉयल्स प्रशासन ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रिनोवेशन का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत स्टेडियम में दो वीआईपी सीटिंग बॉक्स बनाए जा रहे हैं, जहां बैठकर दर्शक इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले देख सकेंगे। इसके साथ ही क्रिकेट ग्राउंड में अब दूसरे खेल खेलने वाले खिलाड़ियों की एंट्री को भी रोक दिया गया है, ताकि पिच और ग्राउंड को किसी तरह का नुकसान नहीं हो।
शुरू हुआ स्टेडियम के रिनोवेशन का काम
राजस्थान रॉयल्स के वाइस प्रेसिडेंट राजीव खन्ना ने कहा कि हमें खेल परिषद और सरकार द्वारा जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मैच कराने की अनुमति मिली है। ऐसे में जयपुर में प्रस्तावित इंडियन प्रीमियर लीग के तीनों मुकाबले जयपुर में ही खेले जाएंगे। इसके लिए मैच से पहले हमने स्टेडियम के रिनोवेशन का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत सामान्य सीटिंग कैपेसिटी के साथ ही 2 अस्थाई बॉक्स भी बनाए जा रहे हैं, जहां बैठकर दर्शक आईपीएल के मैचों का मजा ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स इस बार इंडियन प्रीमियर लीग के लिए पूरी तरह तैयार है। जल्द ही प्रैक्टिस सेशन का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि टीम के खिलाड़ी समय रहते अपनी कमियों को दूर करने के साथ ही अपने स्ट्रॉन्ग पॉइंट को और मजबूत कर सके।
RCA में चल रहा सियासी घमासान
खेल परिषद के सचिव सोहन राम चौधरी ने बताया कि जयपुर में आईपीएल के मुकाबले खेल परिषद और राजस्थान सरकार की देखरेख में करवाए जाएंगे। इसको लेकर हमने राजस्थान रॉयल्स प्रशासन को स्टेडियम में काम करने की अनुमति दे दी है। वहीं क्रिकेट ग्राउंड और पिच पर दूसरे खिलाड़ियों की एंट्री को भी रोक दिया गया है, ताकि ग्राउंड और पिच को आईपीएल के मुकाबलों के लिए सुरक्षित रखा जा सके। दरअसल, पिछले एक सप्ताह से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में सियासी घमासान चल रहा है। 22 फरवरी को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और खेल परिषद के बीच सवाई मानसिंह स्टेडियम को लेकर हुआ MOU खत्म हो गया था इसके बाद 23 फरवरी के दिन खेल परिषद में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन से सवाई मानसिंह स्टेडियम का कब्जा ले लिया और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के दफ्तर को सील कर दिया था।
वैभव गहलोत ने दिया RCA के अध्यक्ष पद से इस्तीफा
इसके बाद प्रदेश के 33 जिला क्रिकेट संघों ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव गहलोत के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू कर दी। इसकी भनक लगते ही वैभव गहलोत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब जिला संघों ने एक बार फिर कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की तैयारी शुरू कर दी, ताकि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में ही जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले आयोजित हो सके। हालांकि जिला संघों में एक नाम को लेकर सर्वसम्मति नहीं बन पाई। इसके बाद अब खेल परिषद ने राजस्थान रॉयल्स को स्टेडियम सौंपकर कर आईपीएल मैच करने की जिम्मेदारी दे दी है। इसके बाद अब जिला संघों में कार्यकारी अध्यक्ष पद को लेकर विवाद बढ़ने कि उम्मीद है।