Jaipur: लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी (Rajasthan BJP) ने प्रदेश की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी। नई कार्यकारिणी में सीएम भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित 10 नेताओं को बाहर किया गया है। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल होकर विधानसभा चुनाव लड़ी ज्योति मिर्धा सहित 11 नए नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई हैं। नई कार्यकारिणी में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। पिछली कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे तीन नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं नए चेहरों में 2 को उपाध्यक्ष, 1 को महामंत्री, 7 को मंत्री और 1 को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
ज्योति मिर्धा को बनाया गया उपाध्यक्ष
प्रदेश की नई कार्यकारिणी में तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें पिछली कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे श्रवण सिंह बगड़ी, संतोष अहलावत और विधायक जितेंद्र गोठवाल को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। बीजेपी में काम के लिहाज से महामंत्री का पद महत्वपूर्ण होता है। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुई ज्योति मिर्धा को पार्टी में उपाध्यक्ष बनाया गया हैं। इसके साथ ही नए चेहरे के तौर पर पाली के नाहर सिंह जोधा को भी पार्टी में उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं गुर्जर समाज से ओमप्रकाश भड़ाना को भी पार्टी ने महामंत्री बनाया है।
इन नए चेहरों को दी गई अहम जिम्मेदारी
प्रदेश की नई कार्यकारिणी में सीपी जोशी ने ओमप्रकाश भड़ाना, ज्योति मिर्धा और नाहर सिंह जोधा सहित 11 नए चेहरों को जगह दी हैं। इनमें भूपेंद्र सैनी, अनुसुइया गोस्वामी, अजीत मांडण, स्टेफी चौहान, मिथिलेश गौतम, आईदान सिंह भाटी और अनिता कटारा को मंत्री बनाया गया है। वहीं अनिल सिसोदिया को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
नई कार्यकारिणी से ये 10 नेता बाहर
नई कार्यकारिणी से 10 नेताओं को बाहर (Rajasthan BJP) भी किया गया हैं। इनमें पार्टी में सालों से प्रदेश महामंत्री का पद संभाल रहे भजनलाल शर्मा और उपाध्यक्ष दिया कुमारी को मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बनने पर संगठन से बाहर किया गया हैं। वहीं पिछली कार्यकारिणी में मंत्री रहे हीरालाल नागर को भजनलाल कैबिनेट में मंत्री बनने पर नई कार्यकारिणी में जगह नहीं दी गई। इसके साथ ही उपाध्यक्ष रहे टोंक-सवाईमाधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया को भी नई कार्यकारिणी में जगह नहीं दी गई हैं। वहीं जगवीर छाबा, प्रियंका मेघवाल, भानुप्रताप सिंह, नीलम गुर्जर, कृष्णा कटारा और श्याम अग्रवाल को नई कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया।
नई कार्यकारिणी में 30 नेताओं को शामिल किया
जोशी की पुरानी कार्यकारिणी में 29 पदाधिकारी थे। नई कार्यकारिणी में 30 नेताओं को शामिल किया गया। वहीं 19 नेता ऐसे हैं, जो पुरानी कार्यकारिणी में भी शामिल थे और उन्हें नई कार्यकारिणी में भी जगह दी गई। इनमें तिज़ारा विधायक बाबा बालकनाथ, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, मुकेश दाधीच, सरदार अजयपाल सिंह, प्रभुलाल सैनी, सीआर चौधरी, मोतीलाल मीणा, दामोदर अग्रवाल, जितेंद्र गोठवाल, श्रवण सिंह बगड़ी, संतोष अहलावत, विजेंद्र पूनिया, वासुदेव चावला, पिंकेश पोरवाल, महेंद्र कुमावत, अनंतराम विश्नोई, सांवलाराम देवासी और पंकज गुप्ता को नई कार्यकारिणी में भी जगह मिली।