Sawan 2026: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति के साथ-साथ तीज-त्योहारों के लिए भी खास माना जाता है। 12 अगस्त को सावन अमावस्या के साथ कृष्ण पक्ष का समापन होगा और 13 अगस्त 2026 से सावन शुक्ल पक्ष शुरू हो जाएगा। 15 दिनों के इस शुक्ल पक्ष में कई महत्वपूर्ण व्रत और पर्व पड़ेंगे। इस दौरान हरियाली तीज, नाग पंचमी, पुत्रदा एकादशी, प्रदोष व्रत और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे। सावन शुक्ल पक्ष का समापन 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के साथ होगा।
13 अगस्त से शुरू होगा सावन शुक्ल पक्ष
पंचांग अनुसार, वर्ष 2026 में सावन मास के शुक्ल पक्ष की शुरुआत 13 अगस्त, गुरुवार से होगी। प्रतिपदा तिथि से शुरू होने वाला यह पक्ष 28 अगस्त को पूर्णिमा के साथ समाप्त होगा। इस दौरान धार्मिक दृष्टि से कई महत्वपूर्ण तिथियां आएंगी। खास तौर पर 15 अगस्त को हरियाली तीज और 17 अगस्त को नाग पंचमी का पर्व मनाया जाएगा।
15 अगस्त को हरियाली तीज
सावन शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज मनाई जाती है। इस वर्ष यह पर्व 15 अगस्त, शनिवार को पड़ेगा। हरियाली तीज को विशेष रूप से महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की जाती है।
16 अगस्त को विनायकी चतुर्थी
16 अगस्त, रविवार को विनायकी चतुर्थी रहेगी। इस दिन भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
17 अगस्त को नाग पंचमी और तीसरा सावन सोमवार
सावन शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि इस बार विशेष रहेगी। 17 अगस्त, सोमवार को नाग पंचमी के साथ सावन का तीसरा सोमवार भी पड़ेगा। भगवान शिव की आराधना के लिहाज से यह दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सावन सोमवार और नाग पंचमी एक ही दिन पड़ने से श्रद्धालुओं के लिए यह तिथि और खास हो गई है।
23 अगस्त को पुत्रदा एकादशी
23 अगस्त, रविवार को श्रावण पुत्रदा एकादशी का व्रत रखा जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन संतान की सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना से व्रत रखा जाता है।
24 अगस्त को अंतिम सावन सोमवार
सावन का चौथा और अंतिम सोमवार 24 अगस्त को पड़ेगा। इस दिन श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करेंगे। सावन के अंतिम सोमवार के साथ ही इस वर्ष सावन सोमवार के व्रतों का क्रम भी पूरा हो जाएगा।
27 अगस्त को प्रदोष व्रत
27 अगस्त, गुरुवार को शुक्ल पक्ष का प्रदोष व्रत रहेगा। प्रदोष व्रत भगवान शिव को समर्पित माना जाता है और इस दिन शिव पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।
28 अगस्त को रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा
सावन शुक्ल पक्ष का सबसे प्रमुख पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को होगा। इस दिन रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा मनाई जाएगी। रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और प्रेम का पर्व है। बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं। श्रावण पूर्णिमा के साथ ही सावन मास का समापन भी हो जाएगा।
सावन शुक्ल पक्ष की प्रमुख तिथियां