लखनऊ। उत्तरप्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी गंगा स्नान मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह मिनी कुंभ श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए। मेले में NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी, जबकि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
17 से 26 नवंबर तक आयोजित होगा मेला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में गंगा स्नान मेला 17 से 26 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व होगा।तैयारियों की समीक्षा बैठक में मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद समेत संबंधित मंडलों और जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को मेला शुरू होने से पहले तैयारियां पूरी करने और मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
NDRF-SDRF के साथ पुलिस बल रहेगा तैनात
मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों, NDRF और SDRF की टीमें तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा के लिए ये इंतजाम किए जाएंगे
घाटों और मेला क्षेत्र में CCTV कैमरों से निगरानी
वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था।
रेस्क्यू बोट और फायर टेंडर की तैनाती
24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम
पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की लगातार निगरानी।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले पुलिसकर्मियों की काउंसिलिंग कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को रील बनाने से दूर रहने की हिदायत दी।
गंगा घाटों पर स्नान और सफाई के विशेष इंतजाम
योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि गंगा के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जरूरत के अनुसार नदी को चैनलाइज किया जाए, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त पानी, सफाईकर्मियों की तैनाती और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी। बिजली की नियमित आपूर्ति और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अस्थायी अस्पताल और एंबुलेंस की होगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए मेला क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे।इन अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टेंडर को अलर्ट मोड पर रखने और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र के कमांड एरिया में शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।उन्होंने कहा कि मेले में ऐसा कोई कार्यक्रम या गतिविधि नहीं होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचे।
ट्रैफिक और पार्किंग के लिए बनेगा विशेष प्लान
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पर्याप्त पार्किंग स्थल विकसित करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने को भी कहा गया है।
गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी मेले को धार्मिक आयोजन के साथ स्थानीय संस्कृति और लोककलाओं का मंच बनाने की भी तैयारी है।मुख्यमंत्री ने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को कई सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। इनमें शामिल हैं
श्रीमद्भागवत कथा
रामलीला
भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम
लेजर शो और ड्रोन शो
स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
विभिन्न आयु वर्ग के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं
बच्चों के लिए नारा लेखन, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्मानित किया जाएगा।