देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे लेकर पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पार्टी कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत करेंगे।
पहले दिन कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ बैठक
नितिन नवीन शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक होगी। इसके बाद मंत्रियों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति और सरकार-संगठन के समन्वय पर चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से करेंगे मुलाकात
शुक्रवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित होटल में विभिन्न बैठकों का सिलसिला शुरू होगा।
सांसदों-विधायकों और पदाधिकारियों संग मंथन
राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावी रणनीति को लेकर अहम मंथन होने की संभावना है।
संतों से संवाद और गंगा आरती में होंगे शामिल
शाम को नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वे गंगा आरती में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे संतों के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। भाजपा इस दौरे को संगठन और सांस्कृतिक जुड़ाव दोनों दृष्टि से अहम मान रही है।
बूथ कार्यकर्ताओं और युवाओं से भी करेंगे संवाद
शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। आगे चलकर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कॉन्क्लेव और मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। शाम को वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।