देहरादून। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा इन दिनों आस्था और श्रद्धा के अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही है। देशभर से आए लाखों श्रद्धालु केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन कर रहे हैं। हर ओर “हर-हर महादेव” और भक्ति के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
इस वर्ष चारधाम यात्रा ने महज 35 दिनों में ही बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। 19 अप्रैल से 23 मई तक अब तक कुल 20 लाख 76 हजार 553 श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं।
केदारनाथ में सबसे अधिक श्रद्धालु
भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ में इस बार श्रद्धालुओं की आमद सबसे अधिक रही है. अब तक 8 लाख 11 हजार 923 भक्त बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं. समुद्र तल से लगभग 3,583 मीटर की ऊँचाई पर स्थित यह मंदिर, जहाँ पहुँचना ही अपने आप में एक साधना है, वहाँ श्रद्धालुओं का यह तांता यात्रा की ऐतिहासिक सफलता का प्रमाण है. बद्रीनाथ धाम में 5 लाख 56 हजार 437, गंगोत्री में 3 लाख 52 हजार 162 और यमुनोत्री में 3 लाख 56 हजार 31 तीर्थयात्री अब तक दर्शन कर चुके हैं.
एक दिन में टूटा रिकॉर्ड
शनिवार को यात्रा के दौरान एक ही दिन में 96 हजार 116 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। केदारनाथ में 29,787, बद्रीनाथ में 32,219, गंगोत्री में 17,897 और यमुनोत्री में 16,213 श्रद्धालु पहुंचे।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं मजबूत
यात्रा को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की चुनौतियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमें लगातार अलर्ट पर हैं।