देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सोमवार (1 जून) शाम 5 बजे तक कुल 45 लाख 31 हजार 80 श्रद्धालुओं ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। यह आंकड़ा इस वर्ष यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण
चारधाम यात्रा के आंकड़ों में केदारनाथ धाम सबसे आगे बना हुआ है। अब तक केदारनाथ यात्रा के लिए 14 लाख 86 हजार 936 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। इसके बाद बदरीनाथ धाम दूसरे स्थान पर है, जहां 13 लाख 48 हजार 426 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं गंगोत्री धाम के लिए 8 लाख 6 हजार 298 और यमुनोत्री धाम के लिए 7 लाख 78 हजार 525 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इन आंकड़ों से साफ है कि इस बार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भागीदारी पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है।
हेमकुंड साहिब के लिए भी बढ़ा उत्साह
चारधाम यात्रा के साथ-साथ हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक हेमकुंड साहिब के लिए 1 लाख 10 हजार 895 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा सीजन के शुरुआती दौर में ही इतने बड़े आंकड़े ने पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को नई गति दी है। प्रशासन भी बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने में जुटा हुआ है।
दो दिनों में 1.74 लाख श्रद्धालु करेंगे दर्शन
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2 जून को 89 हजार 261 और 3 जून को 85 हजार 67 श्रद्धालु विभिन्न धामों के दर्शन के लिए पंजीकृत हैं। यानी केवल दो दिनों में ही 1 लाख 74 हजार 328 श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर निकलेंगे। इन दो दिनों के लिए केदारनाथ धाम में सबसे ज्यादा 56 हजार 757 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। बदरीनाथ के लिए 45 हजार 109, गंगोत्री के लिए 32 हजार 64 और यमुनोत्री के लिए 29 हजार 697 श्रद्धालु पंजीकृत हैं।
हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑफलाइन पंजीकरण का भी क्रेज
ऑनलाइन सुविधा के अलावा ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 1 जून को राज्य के विभिन्न पंजीकरण केंद्रों से कुल 25 हजार 568 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप सबसे व्यस्त केंद्र रहा, जहां 11 हजार 492 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। वहीं हरिद्वार केंद्र पर 11 हजार 357 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया। इसके अलावा नयागांव से 859, हर्बर्टपुर से 528 और ऋषिकेश गुरुद्वारा केंद्र से 1 हजार 332 पंजीकरण दर्ज किए गए।
श्रद्धालुओं के लिए हेल्पलाइन सुविधा उपलब्ध
चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न व्यवस्थाएं की हैं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी या आपात स्थिति में श्रद्धालु टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर 1364 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का दावा है कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और आवास संबंधी व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।