देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन और उनके संदेश पर आधारित फिल्म हनुमान अंश को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु और बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक योगदान की सराहना करते हुए इसे प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उत्तराखंड की पहचान आध्यात्मिक विरासत
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं बल्कि यहां की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए भी है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन और उनके विचार देश-विदेश में लाखों लोगों को प्रेरणा देते हैं। ऐसे में उनके जीवन और संदेश पर आधारित फिल्म लोगों तक उनके विचारों को पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कहा कि हनुमान अंश जैसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक परंपराओं संतों और महापुरुषों के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। फिल्म को टैक्स फ्री करने से प्रदेश में इसे देखने वाले दर्शकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
फिल्म की विषयवस्तु की प्रशंसा
मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिनेमा समाज तक किसी विचार और संदेश को पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। बाबा नीब करौरी महाराज का आध्यात्मिक जीवन सेवा भक्ति और मानवता के संदेश से जुड़ा रहा है।