देहरादून- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन हाईवे परियोजना को लेकर बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्थानीय लोगों, पर्यावरणविदों और सभी हितधारकों के बीच सहमति बनने तक परियोजना के तहत पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी पक्षों से दोबारा विस्तृत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
जनभावनाओं और पर्यावरण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून-ऋषिकेश हाईवे परियोजना को लेकर नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों की ओर से उठाई गई चिंताओं को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई फैसला नहीं लिया जाएगा।
NHAI की महत्वपूर्ण परियोजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण अवसंरचना योजना है। इस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी।
वन्यजीव संरक्षण के लिए विशेष प्रावधान
परियोजना में वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करीब 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा छोटे वन्यजीवों के आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मौत की घटनाओं को कम किया जा सके।
सभी पक्षों से दोबारा होगी चर्चा
मुख्यमंत्री धामी ने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों के साथ दोबारा विस्तृत बातचीत करें। उन्होंने कहा कि सरकार सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी।
सहमति बनने तक नहीं कटेंगे पेड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूरा सम्मान करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति और विश्वास का माहौल नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के तहत आने वाले पेड़ों का कटान स्थगित रहेगा।