देहरादून- उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण बुधवार को चार उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। तेज बारिश की वजह से अलग-अलग शहरों से आने वाली चार फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खराब मौसम के चलते चार उड़ानें डायवर्ट
देहरादून एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से लगातार बारिश हो रही थी, जो करीब 11 बजे के बाद और तेज हो गई। मौसम बिगड़ने के कारण सुबह 11 बजे मुंबई से देहरादून आ रही इंडिगो की फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इसके बाद सुबह 11:25 बजे जयपुर से आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ भेजा गया। वहीं दोपहर 12 बजे कोलकाता से देहरादून पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा दोपहर 1 बजे दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट भी खराब मौसम के कारण वापस दिल्ली लौटा दी गई।
आसमान में चक्कर लगाने के बाद बदला गया रूट
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, सभी चार विमान देहरादून पहुंचने से पहले कुछ समय तक एयरपोर्ट के ऊपर मंडराते रहे, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर सुरक्षा कारणों से उन्हें वैकल्पिक एयरपोर्ट्स पर भेजने का फैसला लिया गया।
सुबह की उड़ानें समय पर रहीं
हालांकि मौसम खराब होने से पहले सुबह दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से आने वाली उड़ानें निर्धारित समय पर देहरादून एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। दोपहर के बाद तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।
यात्रियों से मौसम अपडेट लेने की अपील
एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की अपील की है। मौसम सामान्य होने के बाद ही उड़ानों का संचालन पूरी तरह सामान्य होने की संभावना है।