देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित पनासिया हॉस्पिटल में एसी फटने के बाद आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 14 लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई है। हालांकि प्रशासन ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के मुताबिक, एसी फटने के बाद अस्पताल के आईसीयू और आसपास के वार्डों में तेजी से धुआं फैल गया। इससे मरीजों और अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया।
धुएं से मरीजों को हुई सांस लेने में परेशानी
धुआं फैलने के कारण कई मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन और राहत टीमों ने मरीजों को तुरंत बाहर निकाला। घायलों और प्रभावित मरीजों को देहरादून के दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
गढ़वाल कमिश्नर ने दी जानकारी
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि घटनास्थल पर कोई भी व्यक्ति झुलसा हुआ नहीं मिला है और न ही किसी को आग से सीधी चोट पहुंची है। उन्होंने कहा कि धुएं के कारण लोगों को परेशानी हुई, जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
अस्पताल का होगा सेफ्टी ऑडिट
प्रशासन ने घटना के बाद अस्पताल के सेफ्टी ऑडिट के निर्देश दिए हैं। साथ ही फायर सेफ्टी सिस्टम और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच कराई जाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों और मौत की सूचना को लेकर प्रशासन जांच में जुटा हुआ है।