चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर लोहाघाट नगर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने योजना के लिए कार्यस्थल पर पहुंचाए गए पाइपों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता का जायजा लिया।
गुणवत्ता की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाइपों के गेज मोटाई और गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पाइपों के आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराए जाएं। साथ ही परीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद ही पाइपों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सरयू लिफ्ट पेयजल योजना मुख्यमंत्री की जनपद चंपावत की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। लगभग 84.45 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के लिए धनराशि आवंटित की जा चुकी है और निर्माण कार्य प्रगति पर है। योजना का मुख्य उद्देश्य लोहाघाट नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है।
जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित
जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक सामग्री और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और निर्माण कार्य लगातार जारी रहे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के निर्माण के प्रत्येक चरण में निविदा में निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि योजना की प्रगति और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए योजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि लोहाघाट नगर क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।