खटीमा : खटीमा-मेलाघाट मार्ग पर झनकईया में लगने वाले प्रसिद्ध मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मेले का आयोजन नजदीक आते ही मेला स्थल पर रौनक बढ़ने लगी है। दूर-दराज से दुकानदार पहुंचकर अपनी दुकानें सजाने में जुट गए हैं। मेले में दुकानें झूले खिलौने और मनोरंजन के विभिन्न इंतजाम किए जा रहे हैं। 23 नवंबर की शाम को भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा जबकि 24 नवंबर से मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।
मेला कमेटी के अध्यक्ष शेर सिंह दानू ने बताया कि मेले की अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 23 नवंबर की शाम को आयोजित होने वाली गंगा आरती से पहले मेले की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। मेला स्थल पर श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
मेले में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। सीओ खटीमा नीरज सेमवाल ने बताया कि मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों और संबंधित थाना-चौकी के पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष ड्यूटी पॉइंट बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वन विभाग से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिस की ओर से मेला समिति को मेला स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
श्रद्धा आस्था और मनोरंजन का बनेगा संगम
झनकईया का प्रसिद्ध मेला इस बार भी श्रद्धा आस्था और मनोरंजन का संगम बनने जा रहा है। मेले में जहां श्रद्धालु गंगा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लेंगे वहीं बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूले खिलौने और विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं से 23 नवंबर की शाम को आयोजित भव्य गंगा आरती में शामिल होने तथा 24 नवंबर से शुरू होने वाले मेले में पहुंचकर आनंद लेने की अपील की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिलाया है।