रुद्रप्रयाग- उत्तराखंड के केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शनिवार सुबह घना कोहरा और हल्की बारिश देखने को मिली। लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों धामों और आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ गई है। हालांकि, प्रतिकूल मौसम के बावजूद चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है और श्रद्धालु बाबा केदार व बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं।
केदारनाथ में कोहरा, फिर भी नहीं थमा आस्था का सैलाब
शनिवार सुबह से केदारनाथ धाम कोहरे की चादर में लिपटा रहा। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रशासन की निगरानी में यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो इस वर्ष यात्रा में उमड़ी आस्था का बड़ा प्रमाण है।
बदरीनाथ में भी बारिश का असर
बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा और हल्की बारिश जारी रही। मौसम खराब होने से श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दर्शन व्यवस्था सामान्य बनी हुई है और यात्रियों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा।
अगस्त में शुरू हो सकता है मोटर ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट
चारधाम यात्रा को और सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग में बन रहा मोटर ब्रिज और टनल प्रोजेक्ट अंतिम चरण में पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अनुसार, करीब 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज के निर्माण पर केंद्र सरकार ने 156 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। लोड टेस्टिंग के बाद इसे अगस्त में वाहनों की आवाजाही के लिए खोले जाने की संभावना है।
जाम से मिलेगी राहत
इस परियोजना के शुरू होने के बाद रुद्रप्रयाग शहर में चारधाम यात्रा के दौरान लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।