रुद्रपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की अहम बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा सभी जिलाध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद शामिल हुए। खरगे के पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व सिर्फ चुनाव के समय नहीं, बल्कि जब कार्यकर्ताओं में जोश भरने की जरूरत होती है, तब उनके बीच पहुंचता है।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन
रुद्रपुर में हुई बैठक में उत्तराखंड के आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कमजोर क्षेत्रों की पहचान करने और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनांदोलन की तैयारियों पर मंथन किया गया। खरगे जिलावार संगठन की स्थिति की समीक्षा कर नेताओं को जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दे सकते हैं।
खरगे ने BJP के बड़े नेताओं पर साधा निशाना
बैठक के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने BJP के केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह हर दिन उत्तराखंड नहीं आ सकते, लेकिन कांग्रेस की टीम लगातार यहां मौजूद है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या वे हर दिन उत्तराखंड में आकर कार्यकर्ताओं के बीच रहते हैं।
बोले- जरूरत पड़ने पर कार्यकर्ताओं के बीच आते हैं
खरगे ने कहा कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं और हर दिन उत्तराखंड आना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व तब और वहां पहुंचता है, जब कार्यकर्ताओं में जोश भरने की जरूरत होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेता केवल पर्यटकों की तरह आकर चले नहीं जाते, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते हैं।
प्रदेश संगठन की स्थिति की होगी समीक्षा
बैठक में प्रदेश कांग्रेस संगठन की स्थिति और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्षों और स्थानीय नेताओं से उनके क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और संगठन से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली जा रही है। कमजोर क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष भी रहे मौजूद
बैठक में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे। नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और जिलाध्यक्षों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के बाद दिल्ली रवाना होंगे खरगे
रुद्रपुर में बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उत्तराखंड दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से सक्रिय करने और बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी करने का संदेश दिया है।