रुद्रपुर- हल्द्वानी में चुनावी शंखनाद के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने रुद्रपुर में पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक कर विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का रोडमैप तैयार किया। खरगे ने पार्टी के नए प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, स्थानीय मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठाने और पार्टी में पूरी एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने नेताओं को साफ संदेश दिया कि चुनावी लड़ाई की असली तैयारी बूथ पर ही होगी।
खरगे ने दिया ‘विनर प्लान-2027’
शनिवार शाम रुद्रपुर पहुंचे खरगे ने एक होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ करीब दो घंटे तक बंद कमरे में विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की। बैठक में प्रदेश प्रभारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा विधायक शामिल रहे। खरगे ने हर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की और नेताओं को चुनावी रणनीति के तहत ठोस तैयारी करने के निर्देश दिए।
हर सीट पर पांच स्थानीय मुद्दों को उठाने की रणनीति
खरगे ने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय जनसमस्याओं पर भी आक्रामकता बढ़ानी होगी। उन्होंने विधानसभा सीटवार पांच प्रमुख स्थानीय मुद्दों की पहचान कर उन्हें जनता के बीच मजबूती से उठाने की बात कही। उन्होंने नेताओं से कहा कि जनता के बीच जाने से पहले पार्टी को यह स्पष्ट पता होना चाहिए कि हर क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है और कांग्रेस के पास उसका समाधान क्या होगा।
‘बूथ जीतेंगे तो चुनाव जीतेंगे’
कांग्रेस अध्यक्ष ने बूथ मैनेजमेंट को चुनावी रणनीति का सबसे अहम हिस्सा बताया। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि अभी से बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर उसकी लगातार समीक्षा की जाए। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को निगरानी और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी देने के साथ युवाओं को बूथ जीतने की कमान सौंपने के निर्देश दिए गए।
बूथ कार्यकर्ता से कभी भी सीधे बात कर सकते हैं खरगे
खरगे ने कहा कि बूथ पदाधिकारी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वह कभी भी किसी बूथ कार्यकर्ता से सीधे बात कर सकते हैं, इसलिए जमीनी स्तर से मिलने वाली जानकारी पूरी तरह सटीक होनी चाहिए। अगर संगठन की रिपोर्ट और वास्तविक स्थिति में अंतर पाया गया तो संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और जिलाध्यक्ष की जवाबदेही तय की जाएगी।
मतदाता सूची और SIR पर भी नजर रखने के निर्देश
खरगे ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए एसआईआर को लेकर भी पार्टी नेताओं को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने मतदाता सूची में नाम काटे जाने से जुड़ी किसी भी संभावित गड़बड़ी पर नजर रखने और जमीनी स्तर पर लगातार काम करने के निर्देश दिए।
एकजुटता पर खुशी, गुटबाजी पर सख्त चेतावनी
बैठक में खरगे ने उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं की एकजुटता पर खुशी जताई और कहा कि जनसभा की सफलता इसका प्रमाण है। उन्होंने नेताओं को इस एकजुटता को आगे भी बनाए रखने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि आपसी मतभेद संगठन के भीतर या सार्वजनिक मंच पर दिखाई नहीं देने चाहिए। गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी करने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
‘जनता परिवर्तन चाहती है, अब पूरी ताकत से काम करना होगा’
खरगे ने हल्द्वानी की जनसभा में पहुंची भीड़ को लेकर पार्टी नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है, लेकिन इस समर्थन को वोट में बदलने के लिए संगठन को जमीन पर पूरी ताकत से काम करना होगा। उन्होंने नेताओं से संकल्पबद्ध होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
सीनियर नेताओं की निगरानी में चलेगा बूथ अभियान
खरगे के प्लान के मुताबिक वरिष्ठ नेता बूथ स्तर के कामकाज की निगरानी करेंगे, जबकि युवा कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी के प्रत्येक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ पर संगठन की पकड़ मजबूत करने का लक्ष्य दिया गया है।
पहले संगठन मजबूत होगा, फिर सत्ता की लड़ाई
रुद्रपुर की बैठक से कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ कर दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्राथमिकता पहले संगठन को मजबूत करना है। स्थानीय मुद्दों पर होमवर्क, बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और नेताओं की एकजुटता को कांग्रेस अपनी चुनावी रणनीति का आधार बनाएगी।