देहरादून : उत्तराखंड के दो नन्हे पर्वतारोहियों ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले 9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत और 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
5,895 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा
रियांश पंत और प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण किया था। समुद्र तल से करीब 5,895 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस चोटी पर दोनों ने तिरंगा फहराकर उत्तराखंड के साथ-साथ देश का गौरव बढ़ाया।
9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान के रहने वाले हैं, जबकि 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। इतनी कम उम्र में कठिन पर्वत चढ़ाई पूरी करना दोनों बच्चों के साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
सीएम धामी ने की उपलब्धि की सराहना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों बच्चों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों बच्चे भविष्य में भी इसी तरह नए लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करेंगे।