देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन में कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य, पर्यटन, परिवहन और चारधाम यात्रा से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सबसे ज्यादा नजर नर्सिंग भर्ती को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से जुड़े फैसले पर रही।
नर्सिंग भर्ती पर सरकार ले सकती है बड़ा फैसला
पिछले 160 दिनों से नर्सिंग अभ्यर्थी वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर देहरादून में प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार रिक्त पदों को भरने और भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई बड़ा निर्णय ले सकती है। अगर कैबिनेट में इस पर सहमति बनती है, तो आंदोलन कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिल सकती है।
चारधाम यात्रा और कुंभ की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं, ट्रैफिक मैनेजमेंट और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी मंथन हुआ। इसके अलावा आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी सरकार कुछ नीतिगत फैसले ले सकती है। प्रशासनिक तैयारियों और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया गया।
छोटा काफिला लेकर पहुंचे CM धामी
कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी का छोटा काफिला भी चर्चा का विषय बना। सीएम केवल पांच गाड़ियों के काफिले के साथ सचिवालय पहुंचे, जबकि पहले उनके काफिले में 8 से 10 वाहन शामिल रहते थे। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और संसाधनों के सीमित उपयोग की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है।
इलेक्ट्रिक स्कूटी से पहुंचे कृषि मंत्री
ऊर्जा बचत के संदेश के बीच कृषि मंत्री गणेश जोशी इलेक्ट्रिक स्कूटी से सचिवालय पहुंचे। उनके इस कदम को वैकल्पिक ऊर्जा और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की पहल माना जा रहा है। बैठक में मंत्री मदन कौशिक, सुबोध उनियाल और राम सिंह कैड़ा समेत कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।