देहरादून : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित कर आगामी चुनावी तैयारियों का संदेश देंगे। साथ ही पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे और प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। कांग्रेस संगठन राहुल गांधी के इस दौरे को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।
अल्मोड़ा में जनसभा से करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत
राहुल गांधी गुरुवार सुबह दिल्ली से विशेष विमान के जरिए पंतनगर पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा रवाना होंगे। अल्मोड़ा में वह बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के साथ आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पौड़ी में पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद
अल्मोड़ा कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी पौड़ी पहुंचेंगे, जहां वह पूर्व सैनिकों से मुलाकात और संवाद करेंगे। इस दौरान सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवारों की समस्याओं, रोजगार, पेंशन और अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए पूर्व सैनिक समुदाय के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की कोशिश में है।
कोटद्वार में 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात की संभावना
पौड़ी कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी का कोटद्वार पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां उनके 'मोहम्मद दीपक' से मुलाकात करने और उनके जिम की सदस्यता लेने की चर्चा है। हाल के दिनों में मोहम्मद दीपक का नाम सुर्खियों में रहा है और राहुल गांधी की यह संभावित मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से चर्चा का विषय बनी हुई है।
मसूरी में रात्रि विश्राम, देहरादून में होगी बड़ी बैठक
कोटद्वार से राहुल गांधी मसूरी पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। अगले दिन वह देहरादून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को मिलेगा नया संदेश
राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब उत्तराखंड में कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता पिछले कई दिनों से कार्यक्रमों की तैयारियों में लगे हुए हैं। माना जा रहा है कि राहुल गांधी संगठन को चुनावी दिशा देने के साथ कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का प्रयास करेंगे।