हरिद्वार : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी भाजपा से टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में निरंजनी अखाड़े के सचिव संत राज गिरी ने हरिद्वार विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। वह अखाड़े के साधु-संतों के साथ जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा को अपना बायोडाटा सौंपकर पार्टी नेतृत्व से टिकट देने की मांग की।
हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा
गौरतलब है कि राज गिरी इससे पहले देहरादून में भी भाजपा के टिकट के लिए अपनी दावेदारी जता चुके हैं। अब उन्होंने हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए पार्टी के सामने अपना पक्ष रखा है।
अपनी दावेदारी को लेकर राज गिरी ने कहा कि हरिद्वार संत बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र है। इस सीट से पूर्व में जगदीश मुनि विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। साथ ही अयोध्या राम मंदिर आंदोलन में भी हरिद्वार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अनुसार यहीं से विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस ने आंदोलन को लेकर रणनीति तैयार की थी।
संत को प्रत्याशी बनाने की मांग
राज गिरी ने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को देखते हुए इस विधानसभा सीट से किसी संत को भाजपा का प्रत्याशी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देता है तो वह भाजपा की विचारधारा और संगठन के साथ मिलकर पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए कहा कि हरिद्वार के मठ-मंदिरों गंगा और अन्य धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं संवर्धन उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं का विकास भी उनके एजेंडे में रहेगा।
समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध
राज गिरी ने कहा कि हरिद्वार देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने धार्मिक स्थलों के विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेतृत्व उन्हें हरिद्वार विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लेता है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और पार्टी संगठन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
संत राज गिरी की सक्रियता
हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा से टिकट की दावेदारी को लेकर संत राज गिरी की सक्रियता के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। अब पार्टी नेतृत्व की ओर से टिकट को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है इस पर सभी की नजरें रहेंगी।